दुर्गावाहिनी स्थापना दिवस के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के महानगर सातो प्रखंड में एक विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान शहरभर के 70 से अधिक स्थानों पर शस्त्र पूजन और अखाड़ा प्रदर्शन जैसे कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
शस्त्र पूजन को शक्ति और विजय का प्रतीक माना जाता है। महानगर प्रचार प्रसार प्रमुख विराट सोनी ने बताया कि इसी तरह के शस्त्र पूजन के बल पर भगवान राम ने रावण पर विजय पाई थी और मां दुर्गा ने महिषासुर का वध किया था। यह पर्व हमें साहस, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा के लिए तैयार रहने की प्रेरणा देता है।
महानगर मंत्री ओम प्रकाश लड्ढा ने इस मौके पर शस्त्र पूजन के महत्व के साथ-साथ लव जिहाद जैसे मुद्दों पर भी अपने विचार रखे। वहीं, दुर्गावाहिनी की सह संयोजिका कलावती सोनी ने हर परिवार को कम से कम एक शस्त्र जरूर रखने का आह्वान किया। उन्होंने कुटुंब प्रबोधन और नशामुक्ति जैसे विषयों पर भी चर्चा की।
भीलवाड़ा महानगर के आदर्श नगर, नेहरू विहार, तिलक नगर समेत कई इलाकों में शस्त्र पूजन और कन्या पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में प्रांत और विभाग के पदाधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।