झारखंड में अगले तीन दिनों तक जारी रह सकती है बारिश, मानसून की वापसी की तैयारी
रांची। झारखंड के अधिकतर जिलों में 9 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर बाकी जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। कल यानी 8 अक्टूबर को तो पूरे राज्य में ही बारिश की संभावना है।
9 अक्टूबर को भी यही चार जिले बारिश से अछूते रहेंगे, बाकी जगहों पर मौसम नम बना रहेगा। हालांकि, 10 अक्टूबर से राजधानी रांची समेत ज्यादातर जिलों में मौसम साफ होने लगेगा। उस दिन सिर्फ सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में ही हल्की बूंदाबांदी की आशंका है।
इस साल अक्टूबर में बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। महीने के पहले छह दिनों में ही रांची में 32.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 53% ज्यादा है। पूरे राज्य में 63.1 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में सिर्फ 24 मिमी बारिश होती है।
पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया में 72.3 मिमी और पश्चिम सिंहभूम के मंझारी में 33.2 मिमी दर्ज की गई। डालटनगंज सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री पहुंच गया, जबकि लातेहार सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री दर्ज किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड में 11 अक्टूबर से मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 10 अक्टूबर तक कहीं-कहीं हल्की बारिश और बादलों की गर्जना के साथ बूंदाबांदी की आशंका बनी हुई है। इसके बाद राज्य में शुष्क मौसम की शुरुआत होगी। फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है, जिसकी वजह से अगले दो दिन तक दोपहर में बादल गरज सकते हैं।
मानसून की पूरी तरह वापसी के बाद राज्य के मौसम में बदलाव नजर आएगा। सुबह और शाम को हल्की ठंडक महसूस होगी और दिन का मौसम सुहावना रहेगा। दिवाली तक आते-आते झारखंड में ‘गुलाबी ठंड’ का एहसास होने लगेगा।