Heavy Rain Alert for 11 Districts Including Dhanbad, Bokaro, and Ranchi

झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के डिप्रेशन में बदलने के बाद अब इसका असर राज्य में दिखना शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने 2 से 4 अक्टूबर तक पूरे झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

बुधवार दोपहर से ही रांची समेत कई जिलों में हल्की बारिश शुरू हो गई थी, जो रात होते-होते तेज़ बारिश में बदल गई। राजधानी रांची में भी जोरदार बारिश हुई। बोकारो, धनबाद, कोडरमा, रामगढ़ और हजारीबाग जैसे जिलों में भी लगातार बारिश दर्ज की गई।

आज भी कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। इसके चलते राज्य का तापमान भी 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है।

11 जिलों के लिए आज का अलर्ट

मौसम केंद्र रांची के वैज्ञानिकों के अनुसार, आज यानी 2 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली कड़कने, गर्जन और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।

जिन 11 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उनमें धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा शामिल हैं। इन इलाकों के निवासियों से सतर्क रहने को कहा गया है।

3 अक्टूबर के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट

3 अक्टूबर को झारखंड के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों पर मौसमी सिस्टम का असर ज्यादा रहेगा। इस दिन चतरा, गढ़वा और पलामू जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, लातेहार, बोकारो और हजारीबाग जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान आंधी और बिजली कड़कने की भी संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि डिप्रेशन के और गहरा होने से बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है।

4 अक्टूबर को भी जारी रहेगी बारिश

4 अक्टूबर को भी बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं लेगा। इस दिन दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, चतरा, गढ़वा और पलामू जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

राज्य के कई हिस्सों में बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। राजधानी रांची में भी इन तीनों दिनों हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों से अगले तीन दिन विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है, क्योंकि कुछ इलाकों में भारी बारिश का असर सामान्य जीवन पर पड़ सकता है।

Exit mobile version