First Snowfall of Season Hits Hemkund Sahib and Kedarnath; Uttarakhand on Yellow Alert

उत्तराखंड में ठंड ने दस्तक दे दी है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों का तापमान भी गिर गया है। आज भी राज्य के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और बारिश जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिर सकती है। वहीं, राज्य के सभी 13 जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) ने टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भूस्खलन का खतरा जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

राजधानी देहरादून में सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है, जिससे यहां का तापमान काफी गिर गया है और लोगों को सुबह-सुबह ठिठुरन महसूस हो रही है।

बीते दिन केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। बर्फबारी के बीच केदारनाथ धाम में बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के जोश देखते ही बन रहा था।

हालांकि, अच्छी खबर यह है कि आने वाले दो दिनों यानी 8 और 9 अक्टूबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान ज्यादातर इलाकों में आसमान साफ रहेगा और धूप निकलने की संभावना है।

लगातार हो रही बारिश के कारण अब ठंड का असर साफ महसूस होने लगा है। देहरादून का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। पहाड़ी इलाकों में तो रातें और भी ज्यादा ठंडी हो गई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

Exit mobile version