अरब सागर में बना चक्रवाती तूफान ‘शक्ति’ अब और मजबूत हो गया है। इसका असर महाराष्ट्र के तटीय इलाकों पर 7 अक्टूबर तक रहने की संभावना है। मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरि और सिंधुदुर्ग जिलों में 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो कभी-कभी 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। 5 अक्टूबर तक समुद्र में ऊंची लहरें उठने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह मानसून के बाद अरब सागर में बना पहला चक्रवात है। हालांकि, इसका भारत पर सीधा असर कम ही रहेगा, लेकिन गुजरात और उत्तरी महाराष्ट्र में ऊंची लहरों, तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका है। मछुआरों को 7 अक्टूबर तक समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है।
दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। आंध्र प्रदेश में बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि ओडिशा के गजपति जिले में भूस्खलन से दो लोगों की जान चली गई और कई लापता हैं।
महाराष्ट्र सरकार ने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है। तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में 7 अक्टूबर तक भारी बारिश का अनुमान है।